दमोह में जनसभा को संबोधित करेंगे PM मोदी,आज पहले चरण में 102 सीटों पर मतदान, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में जानें देश की बड़ी खबरें

Morning news in Hindi

Morning news in Hindi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के दमोह में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के तहत आज राज्य की छह सीट समेत देश भर की 102 संसदीय सीट पर मतदान है। देश भर में सात चरण में लोकसभा चुनाव होने हैं और मतगणना चार जून को होगी। 

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में आज 102 सीटों पर मतदान

लोकसभा चुनाव के पहले चरण में शुक्रवार को मतदान शुरू होने के साथ ही विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र में चुनावी महाकुंभ का शंखनाद होने जा रहा है। पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 संसदीय सीटों पर मतदान होगा। पहले चरण में अरुणाचल प्रदेश (60 सीटें) और सिक्किम (32 सीटें) में विधानसभा चुनाव भी होंगे। 

चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखी जानी चाहिए: सुप्रीम कोर्ट

उच्चतम न्यायालय ने ईवीएम-वीवीपैट से संबंधित याचिकाओं पर गुरुवार को अपना फैसला सुरक्षित रखने से पहले सुनवाई के दौरान कहा कि चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता बनाए रखी जानी चाहिए। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने यह भी कहा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बारे में हर चीज पर संदेह नहीं किया जा सकता है। 

भारत ब्रह्मोस मिसाइल की पहली खेप फिलीपीन को सौंप सकता है 

भारत शुक्रवार को फिलीपीन को ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की पहली खेप सौंप सकता है। दक्षिण पूर्व एशियाई देश फिलीपीन के साथ इस हथियार प्रणाली की आपूर्ति के लिए 37.5 करोड़ अमेरिकी डॉलर का करार होने के दो साल के बाद आपूर्ति होने जा रही है।

अमित शाह ने समर्थकों के हुजूम के बीच किए तीन रोड शो, गांधीनगर से भरेंगे नामांकन 

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गांधीनगर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन पत्र दाखिल करने से एक दिन पहले बृहस्पतिवार को समर्थकों के हुजूम के बीच अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक के बाद तीन रोड शो किए और करीब 20 किलोमीटर की दूरी तय की। शाह का दिन में तीसरा और अंतिम रोड शो अहमदाबाद शहर के साबरमती, घाटलोडिया, नारणपुरा और वेजलपुर विधानसभा क्षेत्रों के तहत आने वाले इलाकों से गुजरा, जो गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा हैं। उन्होंने 2019 में इस सीट से जीत हासिल की थी। 

अगर भाजपा सत्ता में आई तो चुनाव और आरक्षण को ‘खत्म’ कर देगी : संजय सिंह 

आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि अगर केंद्र की सत्ता में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वापसी होती है तो वह चुनाव और आरक्षण को ‘खत्म’ कर देगी। उन्होंने इसी के साथ लोगों से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सतर्क रहने का आह्वान किया।

एक दो साल में ही देश में नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा: शाह 

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री और गुजरात में गांधीनगर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार अमित शाह ने गुरुवार को यहां रोड़ शो के दौरान कहा एक दो साल में ही देश में नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *