Connect with us

मऊ

राजीव राय को बेटा कह डॉ सुधा राय ने जीतने का दिया आशीर्वाद

Published

on

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बोलीं, बेटा स्वर्गीय कल्पनाथ राय के सपनों को करना साकार

प्रेसवार्ता में हुईं भावुक, विकास में दिए गए योगदान की जानकारी दी

अशोक कुमार पटवा

मऊ/संसद वाणी :घोसी के विकास पुरुष स्वर्गीय कल्पनाथ राय की पत्नी तथा कांग्रेस पार्टी की नेता डॉ सुधा राय ने प्रेसवार्ता कर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी व राजीव राय को बेटा कह कर उन्हें विजयी होने का आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्होंने घोसी की जनता से राजीव राय के चुनाव चिह्न साइकिल के सामने नीले रंग का बटन दबा कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राजीव राय स्वर्गीय कल्पनाथ राय के सपनों को साकार करेंगे। राजीव राय को आशीर्वाद देकर वह रोने लगीं। बोलीं, बेटा मेरे सपनों को गिरने नहीं देना। स्वर्गीय कल्पनाथ राय के सपनों को पूरा कर देना ।
उन्होंने कहा कि उनके पति स्वर्गीय कल्पनाथ राय ने मऊ की राजनीतिक विरासत उन्हें दी है। उन्होंने मुझे मऊ की जनता को कभी नहीं छोड़ने का आदेश दिया था। वह इस आदेश के मुताबिक कार्य करती रहतीं हैं।
उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी डॉ भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को बदलना चाहती है। उसकी नीयत लोकतंत्र को समाप्त करने की है। इसके चलते 2024 का लोकसभा चुनाव बहुत ही महत्वपूर्ण हो गया है। जिस तरह से लोगों ने आजादी पाने के लिए लड़ाई लड़ी थी, उसी तरह से अब संविधान बचाने के लिए लड़ाई लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी अहंकार में डूबी है। विपक्ष के नेताओं के साथ जैसा व्यवहार कर रही है, उसमें उसकी तानाशाही दिख रही है।
उन्होंने कहा कि उनके पति पूर्वांचल के विकास के बारे में दिन-रात सोचते रहते थे और उसके विकसित करने में अपनी भूमिका निभाते रहते थे। उन्होंने अंतिम सांस तक विकास कार्य किए। उन्होंने घोसी-मऊ ही नहीं पूरे पूर्वांचल को विकसित करने की जिम्मेदारी निभाई। उन्होंने कहा कि यदि उनके कामों को गिनाऊंगी तो पता चलेगा क्षेत्र में जो भी विकास हुआ उसकी बुनियाद स्वर्गीय कल्पनाथ राय जी ने ही रखी है।


उन्होंने बताया कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय की मृत्यु के बाद से अब तक कुल पांच सांसद चुने गए। उन लोगों ने कुल 25 वर्ष का राजनीतिक कार्यकाल पूरा किया। उन्होंने कहा कि उनके पति स्वर्गीय कल्पनाथ राय राज्यसभा से लेकर लोकसभा तक कुल 24 वर्ष तक सांसद और मंत्री रहे। उनके समय में हुए विकास कार्यों तथा उनके जाने के बाद हुए विकास कार्यों की समीक्षा की जानी चाहिए। अक्सर लोग कहते सुनाई देते हैं कि काश कल्पनाथ राय जी हम लोगों के बीच थोड़ा समय और रह जाते तो मऊ और ज्यादा विकास कर लेता। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ने वाले सभी लोग कल्पनाथ राय जी की तरह विकास करने का वादा करते हैं लेकिन आज तक किसी भी सांसद के समय में विकास का पहिया उतनी तेज नहीं घूमा जितना कि स्वर्गीय कल्पनाथ राय जी के समय में चला। जबकि केंद्र और प्रदेश दोनों ही जगह भाजपा की सरकारें रहीं।


डॉ सुधा राय ने कहा कि उन्हें संसद में जाने का अवसर नहीं मिला, फिर भी घोसी की चीनी मिल को उन्होंने बिकने से बचाया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी कुशमौर का गन्ना अनुसंधान केंद्र दूसरी जगह लेकर चली गई थी लेकिन मैंने उसे बीज अनुसंधान केंद्र के रूप में स्थापित करवाया। उन्होंने ही अधीर रंजन चौधरी को बुलाकर मऊ में टर्मिनल रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करवाया था। कपड़ा मंत्री को बुलवाकर उन्होंने ही मऊ में स्वदेशी काटन मिल को फिर से चालू कराया। उन्होंने कहा कि 2014 में हमारी पार्टी (कांग्रेस) की सरकार चली गई, इसलिए यह सब फिर ठंडे बस्ते में पड़ गईं।
उन्होंने कहा कि कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनी तो छह महीने के भीतर केंद्र सरकार 30 लाख खाली सरकारी पदों को भरेगी। शिक्षित नौजवानों को अपरेंटिस के लिए एक लाख रुपए हर साल देगी। अब पर्चा लीक नहीं हो पाएगा। सरकार इसके लिए कठोर नियम बनाएगी। किसानों का कर्जा माफ कर दिया जाएगा। स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट के अनुसार एमएसपी कानून लागू किया जाएगा।


उन्होंने कहा कि हर परिवार की महिला मुखिया को एक लाख रुपए सालभर में दिया जाएगा। नौकरियों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। पूरे देश में जाति की जनगणना कराई जाएगी। आबादी के हिसाब से सबकी हिस्सेदारी सुनिश्चित की जाएगी। मनरेगा मजदूरों को प्रतिदिन 400 रुपए मजदूरी मिलेगी। श्रमिकों को स्वास्थ्य सुविधाएं दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि अब तक हमारी पार्टी (कांग्रेस) ने जो भी कहा है उसे किया है।
उन्होंने कहा कि 2014 राजीव राय भले ही हार गए लेकिन उन्होंने मऊ को कभी भी नहीं छोड़ा। उन्हें दोबारा टिकट मिला या नहीं मिला, उन्होंने न तो पार्टी छोड़ी और न तो मऊ की जनता की सेवा में कमी की। पार्टी ने उन्हें टिकट देकर उनके ऊपर भरोसा जताया है। डॉ सुधा राय ने विश्वास जताया कि उन्हें विश्वास है कि वह कल्पनाथ राय जी के पदचिह्नों पर चलकर मऊ का विकास करेंगे।
उन्होंने लोगों से राजीव राय को प्रचंड बहुमत से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है कि राजीव राय आप लोगों के भरोसे भारी मतों से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनाव राजीव राय नहीं लड़ रहे हैं बल्कि यहां की जनता लड़ रही है।

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.