Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
शासन द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुरूप ही सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए बकरीद का त्यौहार : जिलाधिकारी।
नई परंपरा शुरू करने एवं प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी करने पर होगी कड़ी कार्रवाई : पुलिस अधीक्षक।
मऊ/संसद वाणी : जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में आगामी त्यौहार बकरीद के दृष्टिगत जनपद स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा मलवे के निस्तारण हेतु गहरे गड्ढे की खुदाई करने, उन्हें निर्धारित स्थलों पर ही फेंकने हेतु लोगों को जागरूक करने, बिजली एवं पानी की आपूर्ति अनवरत सुनिश्चित करने, बकरीद के उपरांत नाले नालियों की विशेष साफ सफाई करने, सूअर बाड़े के मालिकों को पूर्व में ही नोटिस जारी करने, जानवरों को लाने एवं ले जाने में सुविधा प्रदान करने, आवागमन के रास्तों एवं निस्तारण स्थलों पर चूने एवं ब्लीचिंग का छिड़काव करने तथा साफ सफाई का विशेष ध्यान देने जैसी मांगों सहित कई समस्याओं से अवगत कराया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल ने लोकसभा सामान्य निर्वाचन को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन को बधाई देते हुए बताया कि नगर पालिका द्वारा आगामी त्यौहार बकरीद को देखते हुए पूरी तैयारी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि 70 स्थलों पर गड्ढों की खुदाई एवं पानी की नियमित सप्लाई हेतु पर्याप्त जेनरेटरों की भी व्यवस्था कर ली गई है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने त्योहार को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों को छोटी सी छोटी बातों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी दिनों में हीट वेव एवं संचारी रोगों के प्रभाव को देखते हुए साफ सफाई के विशेष निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वयं भी निर्धारित कार्यों का निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने पूर्व में ही नगर पालिका सहित समस्त नगर पंचायत में मलवों के उचित निस्तारण की व्यवस्था करने, पानी तथा बिजली की अनवरत आपूर्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा त्योहारों के दौरान जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को भी कहा। उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने एवं ईदगाह के बाहर नमाज न पढ़ने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों को दिए। इस दौरान उन्होंने सदस्यों से सभी प्रकार के सहयोग करने तथा अच्छी सद्भावना के साथ त्यौहार मनाने की अपील भी की तथा उपस्थित सभी लोगों को आगामी त्यौहार की शुभकामनाएं भी दी।
शांति समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक इलमारन जी ने किसी भी नई परंपरा को प्रारंभ न करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित पशुओं के साथ ही गर्भवती एवं तीन माह से कम आयु के पशुओं की कुर्बानी पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए, साथ ही सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन न करने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी भी दी। अपर जिलाधिकारी श्री सत्यप्रिय सिंह ने भी नगर पालिका एवं नगर पंचायत की भूमिका आगामी त्यौहार बकरीद में महत्वपूर्ण मानते हुए पूर्व में सारी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को भीषण गर्मी को देखते हुए विद्युत आपूर्ति की अनवरत व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। अपर पुलिस अधीक्षक ने भी बैठक के दौरान रोड या ईदगाह के बाहर नमाज न पढ़ने की सलाह दी साथ ही प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने तथा खुले में कुर्बानी न करने को कहा। उन्होंने सदस्यों से सहयोग की अपील की तथा निर्देशों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी।
इस दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं समस्त नगर पंचायत, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष तैयब पालकी सहित समस्त क्षेत्राधिकारी, समस्त थाना अध्यक्ष एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
You must be logged in to post a comment Login