कहा- झांसी घटना के बाद भी लापरवाही, अन्य गड़बड़ी भी
आजमगढ़/संसद वाणी : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉक्टर प्रियंका मौर्या ने सुबह 10:00 बजे जिला महिला चिकित्सालय आजमगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला महिला चिकित्सालय की व्यवस्था को देखकर वह चौंक गईं। उन्होंने मामले में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ विनय सिंह यादव से भी पूछताछ की और वहां भर्ती महिला मरीज, उनके परिजनों से भी जानकारी ली। कई गड़बड़ी मिलने पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया और कहा कि अगली बार जब वह आएंगी तो यहां पर व्यवस्था चुस्त दुरुस्त मिलनी चाहिए। डॉ प्रियंका मौर्या ने मीडिया से बताया कि झांसी में बीते दिनों जिस प्रकार से अस्पताल में नवजात बच्चों की मौत हुई थी उसको लेकर उन्होंने सबसे पहले सिलेंडर की जांच की। सिलेंडर में मैन्युफैक्चरिंग डेट तो लिखा था लेकिन एक्सपायरी डेट नहीं लिखा था। जोकि लिखा होना चाहिए था। इसके अलावा भर्ती महिला मरीज से उन्होंने बात की तो उसने बताया कि टीका लगवाने का यहां पर ₹10 से लेकर ₹50 तक वसूली की जाती है। जबकि यह नि:शुल्क सरकार के द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। इसके अलावा उनके सामने ही परिसर में गलियारों में कुत्ते घूमते नजर आए। वही दो डॉक्टर भी उपस्थित नहीं थी और इसकी किसी को जानकारी भी नहीं थी। इस बारे में जांच का उन्होंने आदेश दिया है। यहां की व्यवस्था पर उन्होंने सवाल खड़ा किया और कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधा को बढ़ाने के लिए तमाम कार्य कर रही है लेकिन हकीकत में जो है वह देखा जा सकता है। इसलिए व्यवस्था में जल्द सुधार लाने का उन्होंने कड़ा निर्देश दिया है।
You must be logged in to post a comment Login