Connect with us

बड़ी खबर

मालवणी के युवाओं का खेल अधिकार छीना, म्हाडा लीज रद्द करो: गैलेक्सी फाउंडेशन का अल्टीमेटम

Published

on

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुम्बई/संसद वाणी: मालवणी इलाके में स्थित म्हाडा मैदान के अवैध व्यावसायीकरण को लेकर स्थानीय युवाओं और सामाजिक संगठनों में भारी रोष व्याप्त है। पुलिस महासंघ के दत्ता चौधरी पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने मैदान की लीज को अवैध रूप से हथिया कर ‘वीनस’ नामक तृतीय पक्ष के साथ गुप्त करार किया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं का खेलने का अधिकार छीन लिया गया है। इस मामले में राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है, अन्यथा उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

संसद वाणी न्यूज के संवाददाता से बातचीत में गैलेक्सी स्पोर्ट्स एंड कल्चरल फाउंडेशन के अध्यक्ष जुल्फिकार अली उर्फ गुड्डू भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “पुलिस महासंघ के दत्ता चौधरी ने म्हाडा प्रशासन से प्राप्त लीज को तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। उन्होंने ‘वीनस’ नामक तृतीय पक्ष के साथ अवैध करारनामा किया है, जिसके दस्तावेज हमारे पास मौजूद हैं। यह प्रशासन की जमीन को अवैध तरीके से हथियाने का सुनियोजित षड्यंत्र है। इस अवैध कार्य को तत्काल रोका जाए और राज्य सरकार द्वारा निष्पक्ष जांच बिठाई जाए।”

गुड्डू भाई ने आगे चेतावनी दी, “यदि न्याय नहीं मिला तो मालवणी के युवा सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। इस आंदोलन में होने वाले किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी पूरी तरह महाराष्ट्र सरकार की होगी।”

स्थानीय युवाओं का कहना है कि म्हाडा मैदान लंबे समय से खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए उपयोग होता रहा है, लेकिन अब इसका व्यावसायीकरण कर युवाओं के अधिकार छीने जा रहे हैं। इस मुद्दे पर क्षेत्रीय नागरिकों और संगठनों का समर्थन बढ़ता जा रहा है।

प्रशासन और पुलिस महासंघ की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार से त्वरित हस्तक्षेप की उम्मीद की जा रही है।

(रिपोर्ट: संसद वाणी न्यूज टीम)

Continue Reading

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.