अरुण गुप्ता
रतनपुरा/मऊ/संसद वाणी : हलधरपुर थाने के मोलनापुर गांव में रविवार की भोर में लगभग चार बजे संजय पुत्र बाबूलाल गौतम के घर में आग लगने से भारी नुकसान हुआ। घटना के बारे में बताया जाता है कि संजय मजदूरी कर अपने छः सदस्यीय परिवार का भरण पोषण करता था। उसने रहने के लिए कटरैन के 6 कमरे बना रखे थे। जिसमें उसका पूरा परिवार रहता था। इधर विगत कुछ दिन पहले उसके यहां कुछ रिश्तेदार भी आ गए थे। रविवार की रात्रि संजय का परिवार रिश्तेदारों के साथ खाना खाकर आराम से अपने घर में सोया हुआ था कि भोर में लगभग चार बजे उसके कटरैन के मकान से अचानक आग की लपटे निकलने लगी। संयोग अच्छा रहा कि उसी समय घर के किसी सदस्य की नींद टूट गई ।धूएँ एवं आग की लपट देखकर उसने शोर मचाकर अन्य सदस्यों को जगा कर किसी तरह घर से बाहर भगाया। इस दौरान आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। जिसके कारण मकान में रखे गए कपड़े, बेड, बर्तन, चौकी, अनाज, नकदी आदि को बचाने की हिम्मत कोई न जुटा सका। सूचना पाकर कुछ देर बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन दल के जवानों एवं ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया जा सका। किंतु तब तक संजय के घर में पड़ी 6 चौकी ,दो बेड, बक्से, कपड़ा, बर्तन, गहना एवं लगभग 22 बोरी गेहूं- चावल तथा घर आए रिश्तेदारों के बैग, कपड़े व नकदी आदि जलकर स्वाहा हो गया। घर के लोगों का अनुमान है कि इस अग्नि कांड में लगभग चार से पाँच लाख रुपए का नुकसान हुआ है। लगभग एक सौ दस वर्षीय बूढ़े पिता बाबू लाल एवं अपने दो बेटों,एक पुत्री तथा पत्नी की परवरिश संजय मजदूरी करके करता है। अचानक हुए इस भीषण अग्नि कांड में गृहस्थी के सभी सामान के जल जाने के बाद उसका परिवार अब मुफलिसी के बीच खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को विवश है
You must be logged in to post a comment Login