Connect with us

उत्तर प्रदेश

‘मैं एक योगी हूं, मेरे लिए सत्ता …..’, पद से हटा दिए जाने वाले दावे पर सीएम का जबाव

Published

on

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Lok Sabha Elections 2024: अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आए दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल लगातार दावा कर रहे हैं कि चुनाव के बाद योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद से हटा दिया जाएगा.

भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव के छह चरण बीत चुके हैं. अंतिम चरण का मतदान 1 जून को होना है. इसी बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक बयान सामने आ रहा है, जिसमें उन्होंने 400 पार के नारे के सवाल पर भी बात की है. साथ ही साथ, चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम पद से हटा दिए जाने वाले दावों पर भी अपना पक्ष रखा है. सीएम योगी ने दो टूक कह दिया है कि वैसे भी वह एक योगी हैं और उनके लिए सत्ता प्राथमिकता नहीं है.

दरअसल, बीजेपी उत्तर प्रदेश के लोकसभा चुनाव में 80 में से 80 सीटें जीतने का दावा कर रही है. वहीं, दूसरी ओर विपक्ष का दावा है कि चुनाव के बाद योगी को सीएम पद से हटा दिया जाएगा. आबकारी नीति में गिरफ्तार होकर जेल गए अरविंद केजरीवाल ने अंतरिम जमानत के बाद जेल से बाहर आते ही कहा था कि मोदी और अमित शाह की जोड़ी योगी आदित्यनाथ को सीएम पद से हटाने वाली है. 

दूसरी ओर बीजेपी के 400 पार के नारे से जुड़े सवाल पर सीएम योगी ने कहा, ‘विश्वास नहीं बल्कि यह होना ही है. यह देश का मंत्र बन चुका है. उत्तर, दक्षिण, पूरब, पश्चिम पूरे देश में हर तबके के द्वारा, हर समुदाय के द्वारा इस नारे को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर मोदी जी की लोकप्रियता, 10 वर्षों में उनके द्वारा किए गए कार्य, इन सबको ध्यान में रखकर, विरासत भी, विकास भी, सुरक्षा भी, सम्मान भी, स्थानीय स्तर पर विकास भी और गरीब कल्याण भी इन सबको ध्यान में रखते हुए जनता जनार्दन इस नारे को हकीकत में बदल रही है.’

पद से हटा दिए जाने वाले दावे पर सीएम का जबाव 

विपक्ष ने दावा करते हुए कहा था कि इस चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को उनके पद से हटा दिया जाएगा. जब यह सवाल मीडिया ने सीएम योगी से किया. तो उन्होंने कहा, ‘विपक्ष के पास अब कोई मुद्दा नहीं है. वह आपस में बांटने की राजनीति कर रहे हैं. वैसे भी उन्होंने हमेशा विभाजन किया है. पहले कांग्रेस ने देश को बांटा, फिर इन्होंने क्षेत्र के आधार पर, भाषा के आधार पर बांटा और इस चुनाव में जाति के आधार पर बांटकर इन्होंने अनेक प्रकार के प्रोपेगेंडा किए.’ 

इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा, ‘यह विपक्ष का एक प्रोपेगेंडा है. वैसे भी मैं एक योगी हूं और मेरे लिए सत्ता नहीं बल्कि पार्टी के मूल्यों और सिद्धांतों के लिए कार्य करना, जिन मूल्यों और आदर्शों के लिए हम राजनीति और सार्वजनिक जीवन में आए हैं उनके लिए कार्य करना हमारी प्राथमिकता है. केजरीवाल जी, आपने सत्ता के लिए अपने सिद्धांतों को तिलांजलि दी है. जहां सिद्धांतों की बात आएगी, एक जन्म में नहीं 100 जन्म में हम उस सत्ता को ठुकराएंगे. नेशन फर्स्ट की जो हमारी थ्योरी है, पार्टी का सिद्धांत है, पार्टी के मूल्यों और सिद्धांतों के लिए हम कार्य करेंगे. उन मूल्यों के लिए किसी भी हद तक जाकर समर्पित भाव के साथ कार्य करेंगे.’  

विपक्ष के ‘क्योटो’ वाले बयान पर बोले सीएम योगी 

बीजेपी 80 में से 80 सीटें जीतने का दावा कर रही है. वहीं, विपक्षी नेता अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सिर्फ ‘क्योटो’ (वाराणसी) ही जीतेगी. इसी को लेकर योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘चलिए, वे यह तो मान रहे हैं कि काशी हम जीत रहे हैं. इसके बाद वो कहेंगे गोरखपुर, फिर वो कहेंगे मैनपुरी, कन्नौज, आजमगढ़ ये सब बीजेपी के हिस्से में हैं और एनडीए के पार्ट हैं तो स्वाभाविक रूप से बीजेपी 80 में से 80 सीटें जीतेगी.’

उन्होंने कहा, ‘पिछली बार भी हम कन्नौज जीते थे और इस बार भी जीतेंगे. आजमगढ़ पिछली बार भी हम जीते थे और इस बार भी जीतेंगे. मैनपुरी में भी बीजेपी जीतेगी.’ साथ ही साथ, उन्होंने कहा कि 80 बनेगा आधार, अबकी बार 400 पार.  

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.