Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुंबई/सांसद वाणी: मालवणी गेट नंबर 8, सामना नगर में सरकारी नियमों और म्हाडा के आधिकारिक ‘ब्लू प्रिंट’ की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मालवणी ओम सिद्धिविनायक सोसायटी द्वारा 15 साल पुराने वॉटर टैंक के पास सीमेंट का ओपन शेड बना दिया गया है, जिसका म्हाडा के नक्शे (Blue Print) में कोई नामो-निशान नहीं है। इस गंभीर उल्लंघन के बावजूद, म्हाडा अधिकारी संतोष कांबले की चुप्पी अब स्थानीय लोगों के सब्र का बांध तोड़ रही है।
कुर्सी से कब उठेंगे अधिकारी?
स्थानीय निवासियों का सीधा सवाल है कि अधिकारी संतोष कांबले अपनी कुर्सी छोड़कर ज़मीनी हकीकत कब देखेंगे? सरकारी वेतन जनसेवा और अवैध कार्यों को रोकने के लिए दिया जाता है, न कि शिकायतों पर आंखें मूंदकर बैठने के लिए।
मुख्य आरोप और ज़मीनी हकीकत:
नक्शे के बाहर निर्माण: सामना नगर की इस जगह पर म्हाडा के आधिकारिक ब्लू प्रिंट में किसी भी निर्माण की अनुमति नहीं है, फिर भी वहां सीमेंट शेड बनकर तैयार हो गया है।
आपातकालीन रास्ता लॉक: पार्किंग के लालच में आपातकालीन रास्तों (Emergency Routes) को पूरी तरह ब्लॉक कर दिया गया है। यदि कोई आग लगने जैसी घटना होती है, तो जान-माल का भारी नुकसान तय है।
प्रशासनिक निष्क्रियता: बार-बार सूचना देने के बाद भी संतोष कांबले और उनके विभाग ने जांच के लिए मौके पर आना तक मुनासिब नहीं समझा।
जनता की चेतावनी
निवासियों का कहना है कि “अधिकारी को यह समझना चाहिए कि उन्हें सैलरी बैठने की नहीं, बल्कि अवैध कार्यों पर डंडा चलाने की मिलती है।” अगर जल्द ही इस अवैध निर्माण और पार्किंग माफिया के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और कानूनी कार्रवाई का रास्ता अपनाया जाएगा।