Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मदीना के पास सोमवार (17 नवंबर 2025) को एक भीषण सड़क हादसे में उमराह करने वाले लगभग 45 भारतीयों की मौत की आशंका जताई गई है। यह दुर्घटना मदीना से लगभग 25 किलोमीटर पहले तब हुई, जब मक्का से मदीना जा रही एक बस की टक्कर एक डीज़ल टैंकर से हो गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।
अधिकांश यात्री हैदराबाद से थे
बता दें कि बस में कुल 46 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकतर हैदराबाद (तेलंगाना) के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक यात्री किसी तरह बाहर निकलकर बच गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि उसकी स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
टक्कर के समय यात्री सो रहे थे
खाड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसा भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे मुफ़रिहात (Mufrihat) के पास हुआ। बताया जा रहा है कि अधिकतर यात्री सो रहे थे, जिसकी वजह से उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कम से कम 11 महिलाएँ और 10 बच्चे भी इस हादसे का शिकार हुए हैं। संख्या की आधिकारिक पुष्टि अभी जारी है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह का वाणिज्य दूतावास प्रभावित भारतीयों तथा उनके परिजनों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। अपने संदेश में उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
बस पूरी तरह जलकर खाक — पहचान मुश्किल
रेस्क्यू टीमों ने बताया कि बस इतनी बुरी तरह जल चुकी है कि शवों की पहचान करना बेहद कठिन हो गया है।गुल्फ न्यूज़ और खलीज टाइम्स ने रिपोर्ट किया है कि बस में सवार ज्यादातर लोग उमराह पूरा करके मदीना लौट रहे थे।
तेलंगाना सरकार सक्रिय – भारतीय दूतावास से लगातार संपर्क में
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंथ रेड्डी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है और कहा है कि सरकार लगातार रियाध स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दाह के भारतीय वाणिज्य दूतावास से संपर्क में है।उन्होंने नई दिल्ली स्थित अधिकारियों को भी निर्देश दिया है कि पीड़ितों की पहचान और सहायता कार्यों के लिए तत्काल समन्वय करें।
24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी
जेद्दाह स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने प्रभावित परिवारों के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन शुरू की है:
तेलंगाना सचिवालय में भी एक कंट्रोल रूम सक्रिय किया गया है, जो पीड़ितों और उनके परिवारों की जानकारी जुटा रहा है।
सऊदी अधिकारियों ने बस में मौजूद अधिकांश शवों के भारतीय होने की पुष्टि की है। ✔ भारतीय दूतावास की टीम मौके पर पहुंच गई है और शवों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ✔ बचने वाले यात्री मोहम्मद अब्दुल शोएब की हालत पर मेडिकल टीमें लगातार नजर रख रही हैं। ✔ तेलंगाना पुलिस ने हैदराबाद में मौजूद पीड़ितों के परिवारों से संपर्क शुरू कर दिया है। ✔ आधिकारिक मृतकों की अंतिम संख्या आज देर शाम तक जारी होने की संभावना है।