Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अवैध असलहा, कारतूस, रंगदारी के रूपये व बलेनो कार बरामद
आजमगढ़/संसद वाणी : जनपद आजमगढ़ में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर जंगल के समीप कल देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में शातिर बदमाश घायल हो गया जबकि उसका एक साथी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। घायल बदमाश रफीक के दाहिने पैर में गोली लगी जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बलेनो कार, असलहा एवं रंगदारी से वसूले गयर कुछ रुपये बरामद किये गये हैं।
पुलिस के अनुसार बीते 5 जून को देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लहुवां खुर्द गांव निवासी सागर सैनी अपनी भाभी के साथ बाइक से जीयनपुर कोतवाली के देवापार ग्राम स्थित अपने ननिहाल जा रहा था। धौरहरा गांव के समीप बाइक सवार बदमाशों ने देवर -भाभी को रोक लिया। बदमाशों ने सागर के पास मौजूद 9500 रुपये लेने के बाद उसके मोबाइल ऐप से अपने बैंक खाते में 34000 रुपये ट्रांसफर कर कुल 43,500 रूपये ले लिया। इस दौरान बदमाशों ने पीड़ित पक्ष को गाली व धमकी देकर रंगदारी वसूलते हुए अपने मोबाइल फोन से विडियो भी बनाया। पीड़ित सागर ने इस मामले में बीते 19 जून को जीयनपुर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने इस मामले में पीड़ितों द्वारा आरोपित किये गये पर संबंधित थाने में मुकदमा अपराध संख्या 283/2024 धारा 323, 504, 506, 386 आईपीसी के तहत धौरहरा गांव निवासी मोहम्मद सुहेल खान व एक अज्ञात बदमाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस इस घटना की विवेचना कर रही थी कि कल देर रात सूचना मिली कि बीते 5 जून को देवर-भाभी से रंगदारी वसूलते समय वीडियो बनाने वाले दोनों बदमाश बलेनो कार में सवार होकर बनकट बाजार से जीयनपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने रास्ते में केशवपुर जंगल के पास घेरेबंदी कर ली। जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बनकट की ओर से आ रहे कार सवार पुलिस देख केशवपुर जंगल में खड़ंजा मार्ग पर वाहन मोड़ भागने का प्रयास किया लेकिन आगे रास्ता खराब देख वाहन सवार दो बदमाश पीछे लगी पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए पैदल भागने लगे। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी जहां वह गिर गया।
पुलिस ने उसे काबू में करते हुए उसके साथी बदमाश को भी अपनी गिरफ्त में ले लिया। घायल बदमाश की पहचान गैंगस्टर रफीक निवासी धौरहरा थाना जीयनपुर तथा दूसरे की पहचान कौसर अहमद निवासी, ग्राम जयराजपुर थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, रंगदारी से वसूली गई रकम के 4 हजार रूपये, बलेनो कार व मोबाइल बरामद किया गया है। पकड़े गये बदमाशों ने देवर-भाभी के साथ हुई घटना का जुर्म कबूल करते हुए बताया कि शेष रकम उन्होंने बकरीद त्यौहार पर खर्च कर दिये हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि घायल रफीक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में करीब दो दर्जन संगीन मुकदमें पूर्व से दर्ज हैं।
You must be logged in to post a comment Login