Connect with us

दिल्ली

आज से शुरू होगी अमरनाथ यात्रा,महाराष्ट्र बजट में हुए बड़े ऐलान, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की खबरें

Published

on

Morning news in Hindi
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Morning news in Hindi: बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे के बीच वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा शनिवार को कश्मीर से शुरू होने वाली है। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों का पहला जत्था शनिवार सुबह मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले में बालटाल और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में नुनवान पहलगाम बेस कैंप के दोहरे मार्गों से अमरनाथ गुफा मंदिर की ओर पैदल रवाना होगा। उधर, हरियाणा में विधानसभा चुनाव की रणनीति के संबंध में बैठकों का दौर लगातार जारी है। इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 29 जून को विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक लेने पंचकूला पहुंचेंगे। वह चुनावी तैयारियों की समीक्षा के साथ सांगठनिक मुद्दों पर प्रदेश इकाई के नेताओं से चर्चा करेंगें।

 जदयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का अगले तीन दिनों तक ठिकाना दिल्ली है। शनिवार को 11:30 बजे जेडीयू राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है। इसमें नीतीश कुमार शामिल होंगे, वो जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद हो रही बैठक काफी अहम मानी जा रही है। माना जा रहा है मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस बैठक के दौरान कई अहम फैसले ले सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के लिए मौसम विभाग ने जारी की ‘ओरेंज’ चेतावनी

हिमाचल प्रदेश में शिमला और उसके आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भारी वर्षा हुई तथा मौसम विभाग ने सप्ताहांत में राज्य के 12 में से सात जिलों में अलग-अलग स्थानों पर ‘भारी वर्षा’ होने, गरज के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने का संकेत देते हुए ‘ओरेंज’ चेतावनी जारी की।

बिहार के मधुबनी में गिरा एक और पुल, 11 दिन में पांच पुलों ने ली जलसमाधि

बिहार में पुलों का गिरने का सिलसिला लगातार जारी है। किशनगंज के बाद अब मधुबनी में शुक्रवार को एक निर्माणाधीन पुल गिर गया। पिछले 11 दिनों के अंदर बिहार में पुल गिरने की यह पांचवीं घटना है। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। मधुबनी में गिरे निर्माणाधीन की लंबाई 77 मीटर है और दो पिलर के बीच में बीम का हिस्सा गिर गया है। 

NEET लीक: हजारीबाग से स्कूल प्रिंसिपल समेत 2 अरेस्ट, जले हुए क्वेश्चन पेपर से मिला था लिंक

केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने नीट-यूजी पेपर लीक मामले में शुक्रवार को झारखंड के हजारीबाग में स्थित एक स्कूल के प्रिंसिपल और वाइस प्रिसिंपल को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बताया कि ओएसिस स्कूल के प्रधानाचार्य एहसानुल हक को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा पांच मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी के लिए हजारीबाग का नगर समन्वयक बनाया गया था। 

महिलाओं को 1,500 रुपए, 3 मुफ्त सिलेंडर, किसानों को कर्ज में राहत…महाराष्ट्र बजट में हुए बड़े ऐलान

महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को पेश 2024-25 के बजट में महिलाओं, युवाओं और किसान समेत विभिन्न वर्गों के लिए कई लोकलुभावन योजनाओं की घोषणा की। इसमें 21 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं को 1,500 रुपए मासिक भत्ता, परिवारों को साल में तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर, किसान अनुकूल कदम तथा युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के लिए 10,000 रुपए मासिक भत्ता देने जैसे कदम शामिल हैं। राज्य में विधानसभा चुनाव से चार महीने पहले यह बजट पेश किया गया। 

विक्रम मिसरी भारत के नए विदेश सचिव होंगे, विनय क्वात्रा की लेंगे जगह

उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) विक्रम मिस्री को शुक्रवार को अगला विदेश सचिव नियुक्त किया गया। 1989 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अधिकारी मिसरी को 15 जुलाई से इस पद पर नियुक्त किया गया है। वे विनय मोहन क्वात्रा का स्थान लेंगे, जिन्हें इस साल मार्च में छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया था।

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.