Connect with us

दिल्ली

केजरीवाल की जमानत याचिका पर आज हो फैसला, केरल और महाराष्ट्र की 4 सीटों के लिए आज राज्यसभा चुनाव, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की खबरें

Published

on

Morning news in Hindi
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Morning news in Hindi: दिल्ली उच्च न्यायालय प्रवर्तन निदेशालय की उस याचिका पर अपना फैसला मंगलवार को सुनाएगा जिसमें कथित आबकारी घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जमानत देने के निचली अदालत के आदेश पर रोक लगाने का अनुरोध किया गया है। इस मामले में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा फैसला मंगलवार को दोपहर बाद 2:30 बजे सुनाया जाना निर्धारित है। 

उधर, संसद के निचले सदन लोकसभा के नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर सियासी उठापटक जारी है। इसमें उम्मीदवारों के बीच दमदार मुकाबला देखने के मिल सकता है। 26 जून को निर्धारित अध्यक्ष चुनाव से एक दिन पहले मंगलवार को इस पद के लिए एनडीए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर सकता है। कैंडिडेट को मंगलवार दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करना होगा। 

केरल और महाराष्ट्र की 4 सीटों के लिए आज राज्यसभा चुनाव होंगे

केरल और महाराष्ट्र की 4 राज्यसभा सीटों पर आज चुनाव होंगे। केरल में तीन सीट और महाराष्ट्र में 1 सीट के लिए मतदान होंगे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बिनॉय विश्वम, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एलाराम करीम और केरल कांग्रेस (एम) के प्रमुख जोस के मणि का कार्यकाल एक जुलाई को समाप्त हो रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान के एक घंटे बाद मतों की गणना होगी।

अठारहवीं लोकसभा की पहली बैठक में प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, कई दलों के सदस्यों ने शपथ ली 

अठारहवीं लोकसभा के पहले सत्र की शुरुआत सोमवार को हुई, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उनकी मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ ही अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों ने सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली। कार्यवाहक अध्यक्ष (प्रोटेम स्पीकर) भर्तृहरि महताब ने सदन की कार्यवाही का संचालन किया और सदस्यों को शपथ दिलाई। प्रधानमंत्री मोदी हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव के बाद लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटे।

इंडिया समूह के नेताओं ने संविधान की प्रति के साथ संसद परिसर में किया प्रदर्शन

अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार को शुरू होते ही इंडिया समूह के नेताओं ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई नेताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। 

अखिलेश ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा हार का बदला अयोध्या के साधु-संतों से न लें

समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए ही भाजपा पर निशाना साधा है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए एक्स पर एक पोस्ट कर लिखा कि उप्र भाजपा अपनी हार का बदला अयोध्या के साधु-संतों से न लें। जो सच में सज्जन है उनकी सुरक्षा की समीक्षा करके सुरक्षा प्रदान की जाए। दरअसल लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की फैजाबाद सीट पर भाजपा को हार देखनी पड़ी। 

नक्सलियों ने जवानों के ट्रक को IED से उड़ाया, CRPF के दो जवान शहीद 

छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों द्वारा आईईडी ब्लास्ट ( IED) किया गया है। जवानों की मूवमेंट के बीच नक्सलियों द्वारा सिलगेर इलाके में यह ब्लास्ट किया गया है। नक्सलियों ने जवानों के ट्रक को निशाना बनाकर विस्फोट किया है। इस घटना में सीआरपीएफ के दो जवान शहीद हो गए हैं जबकि कई जवानों के घायल होने की खबर है।  

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.