Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
एकीकृत निक्षय दिवस पर टीबी रोगियों को प्रदान की गईं पोषण पोटली
पीएचसी, सीएचसी व आयुष्मान आरोग्य केन्द्रो पर टीबी जांच संबंधी दी गईं सेवाएँ
जनपद की सभी टीबी यूनिट पर वितरित की गईं 185 पोषण पोटली
वाराणसी/संसद वाणी : राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम व प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को जनपद के विभिन्न प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, टीबी यूनिट व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) ‘एकीकृत निक्षय दिवस’ मनाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों पर बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में आने वाले व्यक्तियों की टीबी स्क्रीनिंग की गई और संभावित लक्षण वाले व्यक्तियों का बलगम एकत्र कर जांच के लिए भेजा गया। इसके अलावा अन्य संक्रमित बीमारियों जैसे मलेरिया, डेंगू, आदि वायरल फीवर की स्क्रीनिंग और जांच की गयी। संभावित लक्षण युक्त व्यक्तियों को जांच के लिए रेफर किया गया। दुर्गाकुंड शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थित टीबी यूनिट में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ पीयूष राय के द्वारा गोद लिए गए क्रमशः 10 व 5 क्षय रोगियों को पोषण पोटली प्रदान की गई। इसके अलावा 50 अन्य टीबी रोगियों को भी पोषण पोटली प्रदान की गई। पोषण पोटली मुस्कान स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की ओर से क्रय की गई।
सीएमओ डॉ संदीप चौधरी ने कहा कि नियमित दवा के सेवन साथ ही प्रोटीन व विटामिन युक्त आहार के सेवन से टीबी रोगी पूर्ण रूप से ठीक हो सकता है। इसलिए सभी क्षय रोगी नियमित दवा सेवन के साथ-साथ पोषक आहार पर भी अवश्य ध्यान दें।
जिला क्षय रोग अधिकारी (डीटीओ) डॉ पीयूष राय ने कहा कि निक्षय दिवस का उद्देश्य अधिक से अधिक टीबी मरीजों को चिन्हित कर उन्हें उपचार मुहैया कराना है। साथ ही दवा व पोषण सामग्री के सहयोग से उन्हें जल्द से जल्द स्वस्थ बनाना है। उन्होंने बताया कि टीबी का इलाज पूरी तरह से संभव है। टीबी की दवा पूरी अवधि तक लेना है और एक भी दिन दवा छूटनी नहीं चाहिए। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों और चिकित्सालयों में टीबी जांच की सुविधा उपलब्ध है। इसके लक्षण नजर आते ही तत्काल जांच करानी चाहिए। गोद लिए गए क्षय रोगियों को सम्पूर्ण उपचार के साथ भावनात्मक सहयोग भी दिया जा रहा है। जरूरतमंद व आर्थिक रूप से कमजोर क्षय रोगियों को पोषण व भावनात्मक सहयोग प्रदान करने के लिए लोग आगे आएं।
यहाँ वितरित हुईं पोषण पोटली–
जिला पीपीएम समन्वयक नमन गुप्ता ने बताया कि टीबी यूनिट क्रमशः शहरी सीएचसी दुर्गाकुंड, काशी विद्यापीठ, शिवपुर, एसवीएम राजकीय चिकित्सालय एवं एसएसपीजी मंडलीय चिकित्सालय पर टीबी रोगियों को 185 पोषण पोटली वितरित की गईं। पोषण पोटली मुस्कान स्वयं सहायता समूह के अलावा निक्षय मित्र डॉ स्वर्णलता सिंह, गंगा सेवा सदन हॉस्पिटल, शुक्ला हॉस्पिटल, लाइफ केयर हॉस्पिटल डाफ़ी, उपकार हॉस्पिटल, जार्जियन हॉस्पिटल और होली सिटी हॉस्पिटल के द्वारा प्रदान की गई। इस मौके पर पीपीएम समन्वयक नमन गुप्ता, चीफ फार्मासिस्ट रमाकांत त्रिपाठी, एसटीएस उदय सिंह, प्रोग्राम मैनेजर मनीष कुमार सिंह, टीबी एचवी रामकृष्ण शुक्ला एवं टीबी यूनिट के स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
You must be logged in to post a comment Login