Connect with us

दिल्ली

चारधामों में  वीआईपी दर्शन पर रोक…प्रज्वल रेवन्ना बेंगलुरु हवाई अड्डे से गिरफ्तार, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

Published

on

Morning news in Hindi
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Morning news in Hindi: चारधाम यात्रा में उमड़ रही भारी भीड़ के मद्देनजर उत्तराखंड सरकार ने बृहस्पतिवार को मंदिरों में वीआईपी दर्शन पर रोक 10 जून तक के लिए बढ़ा दी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने इस संबंध में एक पत्र लिखकर सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को सूचित कर दिया है। 

वहीं, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने बृहस्पतिवार को केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में समय से पहले दस्तक दे दी, जिससे भारत की कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण चार महीने की वर्षा ऋतु की शुरुआत हो गई। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा कि रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश से गुजरे चक्रवात रेमल ने मानसून के प्रवाह को बंगाल की खाड़ी की ओर खींच लिया है, जो पूर्वोत्तर में मानसून के जल्दी पहुंचने का एक कारण हो सकता है। मौसम विभाग ने 15 मई को 31 मई तक केरल में मानसून के आगमन की घोषणा की थी। 

राजस्थान में भीषण गर्मी जारी, सप्ताहांत राहत मिलने की उम्मीद 

राजस्थान के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट के बावजूद भीषण गर्मी का दौर जारी है। गंगानगर में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 48.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने एक जून से लोगों को लू से राहत मिलने के संकेत दिये हैं। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। 

प्रज्वल रेवन्ना बेंगलुरु हवाई अड्डे पर हुए गिरफ्तार, यौन शोषण के आरोप में थे फरार 

यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे जदएस से निलंबित नेता प्रज्वल रेवन्ना को आखिरकार एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। जर्मनी के म्यूनिख से बंगलूरू हवाई अड्डे पर पहुंचते ही विशेष जांच दल (एसआईटी) ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया। अब उन्हें मेडिकल जांच के लिए सरकारी अस्पताल लाया जा सकता है।

रेमल चक्रवात के चलते मणिपुर में बाढ़, 31 मई तक सार्वजनिक अवकाश की घोषणा 

‘रेमल’ चक्रवात के कारण हुई मूसलाधार बारिश की वजह से मणिपुर के कई जिलों में बाढ़ आ गई, जिसके बाद राज्य सरकार ने सक्रिय बचाव एवं राहत अभियान चलाए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। नदी तटों पर तटबंधों में दरारों के कारण आई भीषण बाढ़ को देखते हुए सरकार ने बृहस्पतिवार को 31 मई तक सभी सरकारी कार्यालयों में दो दिन के सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की। 

कृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद मामले में सुनवाई आज भी जारी रहेगी 

मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह विवाद मामले में बृहस्पतिवार को मुस्लिम पक्ष की ओर से अधिवक्ता तस्लीमा अजीज अहमदी ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में कहा कि यह वाद वक्फ अधिनियम और पूजा स्थल अधिनियम के प्रावधानों से बाधित है। अहमदी ने कहा कि यह वाद शाही ईदगाह मस्जिद के ढांचे को हटाने के बाद कब्जा लेने और मंदिर बहाल करने के लिए दायर किया गया है। उनका कहना था कि वाद में की गई प्रार्थना दर्शाती है कि वहां मस्जिद का ढांचा मौजूद है और उसका कब्जा प्रबंधन समिति के पास है। वहीं उच्च न्यायालय ने इस मामले में सुनवाई शुक्रवार को भी जारी रखने का निर्देश दिया। 

राहुल गांधी का दावा- ‘इंडिया’ गठबंधन की बनने जा रही है सरकार

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद बृहस्पतिवार को दावा किया कि केंद्र में ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आह्वान किया कि वो मतगणना होने तक स्ट्रांग रूम पर नजर बनाए रखें।

जम्मू में बड़ा सड़क हादसा, बस के खाई में गिरने से 22 लोगों की मौत

जम्मू-पूंछ राष्ट्रीय राजमार्ग (144ए) पर अखनूर के टूंगी मोड़ क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 22 लोगों के मारे जाने और करीब 40 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि 20 को जीएमसी जम्मू रेफर किया गया है।

Continue Reading
Click to comment

You must be logged in to post a comment Login

Leave a Reply

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.