Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर पुणे जिले के जुन्नर तालुका स्थित ऐतिहासिक शिवनेरी किले पर भारी भीड़ उमड़ गयी, जिससे अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई और लगभग 20 श्रद्धालु घायल हुए हैं।
शिवाजी जयंती के पर्व पर सुबह से ही लाखों लोगों ने शिवनेरी किले के दर्शन के लिए पहुंचना शुरू किया। लेकिन किले के संकरे मार्गों, विशेषकर हाथी दरवाजा और गणेश दरवाजा के आसपास लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गयी कि काफ़ी अफरातफरी मच गयी। कई महिलाएं और बच्चे गिरकर घायल हो गये।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि कुछ जगहों पर रेलिंग भी टूट गयी और लोगों के एक साथ आगे-पीछे बढ़ने से कई लोग गिर पड़े। घायल श्रद्धालुओं को पास के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह पूर्ण रूप से “भगदड़” नहीं थी, बल्कि भीड़ नियंत्रण की चुनौती के कारण स्टैम्पेड-जैसी स्थिति उत्पन्न हुई। अधिकारियों का कहना है कि एक श्रद्धालु के सीढ़ियों पर फिसलने से पीछे चल रहे लोगों के गिरने से अफरातफरी बढ़ गयी।
इस घटना ने स्थानीय प्रशासन की भीड़ प्रबंधन योजनाओं पर सवाल उठाये हैं, क्योंकि हर साल इसी दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ इस ऐतिहासिक स्थल पर पहुँचती है।