Connect with us

आजमगढ़

जिले की दो लोकसभा की मतगणना दो स्थानों पर चकवल तथा बेलइसा एफसीआई में होगी, प्रशासन अंतिम तैयारी में जुटा

Published

on

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

राकेश वर्मा
आजमगढ़/संसद वाणी :
जनपद आजमगढ़ में दोनों लोकसभा सीट आजमगढ़ और लालगंज के लिए 25 मई को मतदान होने के बाद अब जिला प्रशासन 4 जून को होने वाली मतगणना की तैयारी पूरी कर ली है। जहां जिले के चकवल एफसीआई में लालगंज लोकसभा तो एफसीआई गोदाम बेलइसा में आजमगढ़ लोकसभा की मतगणना होगी। इसके लिए बैरिकेडिंग और विधानसभावार टेबल लगाये गये हैं। मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किये गये हैं, तो वहीं मतगणना को लेकर रूटों का डायवर्जन भी होगा।

मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे से शुरू होकर मतगणना की समाप्ति तक चलेगा। मतगणना का रूझान एक से दो घंटे बाद आना शुरू हो जाएगा। पोस्टल बैलेट की गणना में प्रत्याशीवार 50-50 के बंडल होंगे। जहां आजमगढ़ लोकसभा को लेकर एफसीआई गोदाम बेलइसा में 20 गणना टेबल एवं 1 आरओ टेबल तथा 3 रिजर्व टेबल रहेंगे। तो वहीं लालगंज लोकसभा को लेकर एफसीआई चकवल में 19 गणना टेबल, 1 आरओ टेबल, 3 रिजर्व टेबल होंगे। तो वहीं ईवीएम में पड़े मतों की काउंटिंग होगी। जहां एक साथ सभी विधानसभाओं की मतगणना, प्रत्येक विधानसभा में 14-14 टेबल समेत 70 टेबल होंगे। वहीं एक टेबल पर 4-4 कार्मिक तैनात रहेंगे। इसके अलावा एआरओ व आरओ का टेबल भी होगा। मतगणना में कुल एक से डेढ़ हजार कार्मिक होंगे, जहां गणनास्थल पर कर्मचारी व अधिकारी के मोबाइल प्रतिबंधित रहेंगे।

बताया गया कि आजमगढ़ लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभाओं में सगड़ी और मुबारकपुर की 26-26 चक्र, गोपालपुर की 27 चक्र, आजमगढ़ सदर की 29 चक्र और मेंहनगर की 31 चक्र में मतगणना संपन्न होगी। वहीं लालगंज लोकसभा क्षेत्र की पांच विधानसभाओं में निजामाबाद और फूलपुर-पवई विधानसभा की मतगणना 25-25 चक्र, अतरौलिया की 27 चक्र, दीदारगंज की 28 चक्र और लालगंज की मतगणना 30 चक्र में पूरी होगी। बात करें आज़मगढ़-69 लोकसभा हॉट सीट की तो कुल 9 प्रत्याशी हैं, जिसमें प्रमुख रूप में भाजपा से दिनेश लाल यादव निरहुआ और सपा से धर्मेंद्र यादव की टक्कर मानी जा रही है। इस लोकसभा में कुल 18 लाख 68 हज़ार 165 मतदाता हैं, जिसमें 10,49,206 वोटरों ने मतदान किया है। तो वहीं लालगंज-68 लोकसभा सीट के लिए कुल 7 प्रत्याशी रहे, जिसमें प्रमुख रूप में भाजपा से नीलम सोनकर तथा सपा से दरोगा प्रसाद सरोज की यहां भी टक्कर है। इस लोकसभा में कुल 18 लाख 38 हज़ार 882 वोटर हैं, जिसमें 10,00,220 वोटरों ने मतदान किया है। आजमगढ़ के इन दोनों लोकसभा में प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद है, जिसका रिजल्ट अब कल 4 जून आयेगा।

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.