Connect with us

दिल्ली

जेल से बाहर आते ही केजरीवाल ने भरी हुंकार, आज दिल्ली में करेंगे रोड शो, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की खबरें

Published

on

Morning news in Hindi
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

Morning news in Hindi: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि वह अपने पंजाब के अपने समकक्ष भगवंत मान के साथ 11 मई को दक्षिणी दिल्ली में एक रोड शो में शामिल होंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को कथित दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में उच्चतम न्यायालय ने एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी। शुक्रवार को तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद केजरीवाल का यह पहला रोड शो होगा। 

पुणे में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी पुणे संसदीय सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार मुरलीधर मोहोल के समर्थन में शनिवार को यहां चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। भाजपा प्रवक्ता संदीप खारदेकर ने कहा कि गडकरी ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय के माध्यम से पुणे शहर और जिले के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपए की धनराशि दी है। 

असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत विश्व शर्मा तमाड़ में जनसभा को करेंगे संबोधित 

असम के मुख्यमंत्री डॉक्टर हिमंत विश्व शर्मा 11 मई को खूंटी लोकसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे। डॉ शर्मा रांची जिले के तमाड़ के रायडीह मोड़ स्थित अमलेसा मैदान में आयोजित जनसभा को दिन में 1:30 बजे संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने भुवनेश्वर में रोड शो का नेतृत्व किया 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिशा में भुवनेश्वर लोकसभा सीट और इसके तहत आने वाले सात विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करते हुए शुक्रवार को यहां एक रोड शो का नेतृत्व किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में एकत्र लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में नारे लगाए। भाजपा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल और भुवनेश्वर लोकसभा सीट से पार्टी की उम्मीदवार अपराजिता सारंगी भी मोदी के साथ थे।

सब मिलकर देश को तानाशाही से बचाएंगे : केजरीवाल 

अंतरिम जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा कि देश को तानाशाही से बचाना है। केजरीवाल तिहाई जेल से बाहर आने के बाद समर्थकों देश के लोगों के साथ -साथ सुप्रीम कोर्ट का धन्यवाद करते हुए आज शाम कहा कि सबको मिलकर देश को तानाशाही से बचाना है। उन्होंने कहा कि वह तन मन धन के साथ तानाशाही के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं लेकिन 140 करोड़ लोगों को भी इसके ख़लिाफ़ लड़ाई लड़नी है। 

एयर इंडिया एक्सप्रेस की 75 उड़ानें रद्द, रविवार तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद 

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने शुक्रवार को चालक दल के सदस्यों की कमी के कारण लगभग 75 उड़ानें रद्द कर दीं। कंपनी को रविवार तक परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है। एयरलाइन में कथित कुप्रबंधन और कर्मचारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार के विरोध में चालक दल के सदस्यों के एक समूह ने हड़ताल की थी। 

‘मैंने कहा था ना जल्दी आऊंगा, मैं आ गया’, जेल से बाहर आते ही केजरीवाल ने भरी हुंकार

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को अंतरिम जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर आने पर भगवान हनुमान को धन्यवाद दिया और “तानाशाही के खिलाफ लड़ाई” में लोगों से समर्थन मांगा। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले दिन में एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी थी। वह शाम को ढोल की थाप और आप कार्यकर्ताओं व नेताओं की नारेबाजी के बीच जेल से बाहर निकले।

लिखित में ले लें- मोदी फिर से प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे, UP में INDIA गठबंधन का तूफान आ रहा है : राहुल गांधी

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि नरेन्द्र मोदी फिर से देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे और लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सबसे बड़ी हार होगी। उन्होंने यहां एक चुनावी रैली में यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस (इंडिया)’ का उत्तर प्रदेश में तूफान आ रहा है।

Copyright © 2026 Vashishtha Media House Pvt. Ltd.