मुंबई: 26/11 शहीदों को मालवणी गेट नंबर 7 पर शिव सम्राट फाउंडेशन ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, संविधान दिवस पर दी शुभकामनाएं

0
13

Mumbai News: मुंबई पर 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले की 17वीं बरसी पर आज मालवणी गेट नंबर 7, के.ई.एम. हॉस्पिटल (परेल) के बाहर शिव सम्राट फाउंडेशन की ओर से शहीद जवानों को भावभिनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

इस मौके पर फाउंडेशन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता सम्राट बागुल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर और पुष्पांजलि अर्पित करके की गई। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।

सम्राट बागुल ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कहा, “26/11 का दर्द आज भी मुंबईकरों के दिल में ताज़ा है। जिन वीर जवानों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए शहर को बचाया, उन्हें हम सदा याद रखेंगे। उनकी शहादत हमें देशसेवा और एकता का संदेश देती है।”

कार्यक्रम में आज ही मनाए जा रहे संविधान दिवस के अवसर पर सभी उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया तथा देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। फाउंडेशन की ओर से यह संकल्प भी दोहराया गया कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान के मूल्यों – न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता – को जीवन में उतारने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

शिव सम्राट फाउंडेशन के सदस्यों ने मालवणी पुलिस और के.ई.एम. हॉस्पिटल के स्टाफ का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने में सहयोग दिया।

इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देशभक्ति और संवैधानिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शिव सम्राट फाउंडेशन ने ऐलान किया कि हर साल 26 नवंबर को शहीदों की स्मृति में इसी स्थान पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।