Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मुंबई: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कों की हकीकत अब एक बार फिर ओशिवारा के ‘A1 दरबार’ के पास SV रोड पर खुलकर सामने आ गई है। भारी बारिश ने इस सड़क को एक विशाल तालाब में तब्दील कर दिया है, लेकिन असली मुसीबत तो पानी के नीचे छिपे वे ‘मौत के गड्ढे’ हैं, जिन्होंने वाहन चालकों का जीना दूभर कर दिया है।
हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि दुर्घटनाओं को टालने के लिए पुलिस को मजबूरी में सड़क के बीचों-बीच बैरिकेड लगाने पड़े हैं। जिस सड़क पर गाड़ियों को फर्राटा भरना चाहिए था, वहां आज पुलिस के बैरिकेड एक ‘चेतावनी’ बनकर खड़े हैं कि—”सावधान! आगे जानलेवा गड्ढे हैं।”
पानी से लबालब भरी यह सड़क यह बताने के लिए काफी है कि प्रशासन की ‘मानसून-पूर्व तैयारियों’ के दावे कितने खोखले हैं। क्या मुंबई का टैक्सपेयर इसी दिन के लिए सड़कों पर अपनी गाड़ियां घिसने और जान हथेली पर रखकर चलने को मजबूर है? राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह सड़क अब आवाजाही का जरिया नहीं, बल्कि एक कठिन परीक्षा बन गई है।
गड्ढों की यह दास्तान बताती है कि प्रशासन की नींद तभी खुलती है जब कोई बड़ा हादसा हो जाता है। सवाल यह है कि आखिर ये गड्ढे भरेंगे कब? या फिर मुंबई की जनता को इसी तरह अपनी गाड़ियों के साथ-साथ अपनी सुरक्षा को भी दांव पर लगाकर इन गड्ढों के बीच से रास्ता तलाशना पड़ेगा?