Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Morning news in Hindi: बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना दोनों देशों के बीच पहले से ही घनिष्ठ संबंधों को और अधिक बढ़ाने के लिए शुक्रवार से भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर आएंगी। लोकसभा चुनावों के बाद भारत में नई सरकार के गठन के बाद यह किसी विदेशी नेता की पहली द्विपक्षीय राजकीय यात्रा होगी।
वहीं राष्ट्रीय राजधानी में राम मनोहर लोहिया, सफदरजंग और एलएनजेपी अस्पतालों में संदिग्ध रूप से गर्मी की वजह से बीमार हुए कम से कम 45 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। दिल्ली में बीते कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है।
संस्कृति मंत्रालय दिल्ली के पुराना किला में मनाएगा योग दिवस
संस्कृति मंत्रालय शुक्रवार को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला स्थल पर अंतराराष्ट्रीय योग दिवस मनाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। समग्र स्वास्थ्य और कल्याण में सुधार लाने में योग की व्यापक क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए प्रतिवर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) मनाया जाता है।
ओडिशा सरकार ने बालासोर में कर्फ्यू शुक्रवार आधी रात तक बढ़ाया
ओडिशा के बालासोर शहर के कुछ हिस्सों में जारी तनाव को देखते हुए ओडिशा सरकार ने बृहस्पतिवार को कर्फ्यू की अवधि 21 जून की मध्यरात्रि तक बढ़ा दी और साथ ही शुक्रवार को इसमें छह घंटे की ढील देने की भी घोषणा की।
अमित शाह गुजरात में योग दिवस समारोह में लेंगे भाग
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 जून (शुक्रवार) को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अहमदाबाद में एक योग कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाह अन्य प्रतिभागियों के साथ शहर के सिंधु भवन रोड स्थित एक सार्वजनिक उद्यान में योग करेंगे।
जम्मू एवं कश्मीर के दुश्मनों को सबक सिखाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे: प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाल के दिनों में जम्मू एवं कश्मीर में हुई आतंकवादी घटनाओं का उल्लेख करते हुए बृहस्पतिवार को देश को आश्वस्त किया कि दुश्मनों को सबक सिखाने में वह कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार इस पूर्ववर्ती प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि अमन और इंसानियत के दुश्मनों को जम्मू एवं कश्मीर की तरक्की पसंद नहीं है और आज वो यहां का विकास रोकने के लिए ‘आखिरी कोशिश’ कर रहे हैं।
अर्जुराम मेघवाल बीकानेर में योग दिवस पर करेंगे
केंद्रीय कानून राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल मंत्री बनने के बाद प्रथम बार कल रेल मार्ग से बीकानेर पहुंचेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि अर्जुनराम शुक्रवार सुबह सात बजे बीकानेर पहुंचेंगे। यहां बीकानेर रेलवे स्टेशन स्थित हॉल में वह अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग करेंगे।
हल्की बारिश के बाद सुहावनी सुबह ने दी दिल्लीवासियों को भीषण गर्मी से कुछ राहत
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में लंबे समय से भीषण गर्मी से बेहाल दिल्लीवासियों के लिए बृहस्पतिवार की सुबह सुहावनी रही और कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज दिल्ली में दिन के दौरान बादल छाए रहने, हल्की बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
You must be logged in to post a comment Login