Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
Lok Sabha Chunav 2024 Voting LIVE: लोकसभा चुनाव 2024 अब अपने अंतिम चरण में है. आज यानी 1 जून को अंतिम चरण का मतदान शुरू हो गया है. सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 57 लोकसभा सीटों पर आज वोटिंग हो रही है. इस चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वाराणसी सीट पर भी मतदान हो रहा है.
लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की कुल 57 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है. सभी चरण की मतगणना 4 जून को होगी. इस चरण में वाराणसी संसदीय क्षेत्र में भी मतदान हो रहा है जहां से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं.
इस चरण में केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़, पंजाब की सभी 13 और हिमाचल प्रदेश की चार, उत्तर प्रदेश की 13, पश्चिम बंगाल की नौ, बिहार की आठ, ओडिशा की छह और झारखंड की तीन लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है. ओडिशा की शेष 42 विधानसभा सीट के वास्ते चुनाव और हिमाचल प्रदेश की छह विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव भी इसी के साथ होंगे.
ये दिग्गज मैदान में
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दो केंद्रीय मंत्री आरके सिंह और अनुराग ठाकुर मैदान में हैं. इस चरण में चार एक्टर मैदान में हैं, इसमें कंगना रनोट, रवि किशन, पवन सिंह, काजल निषाद भी चुनाव लड़ रहे हैं.
वाराणसी के कांग्रेस के अजय राय ने जीता का किया दावा
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष और वाराणसी सीट से उम्मीदवार अजय राय ने कहा कि ‘सब कुछ जनता तय करती है. प्रधानमंत्री पहले भी हारे थे और बनारस के लाल ने उन्हें हराया था. बाबा विश्वनाथ और काशी की जनता के आशीर्वाद से मैं जीतूंगा. काशी का प्यार मेरे साथ है…’
उन्होंने यह भी कहा कि ‘यह पूरी तरह से वोकल फॉर लोकल होगा. लोग लोकल को प्राथमिकता देंगे. जो अपनी गलियों, अपनी मिट्टी को नहीं जानता, मां गंगा का दिखावा करने वाला बेटा जो समुद्र के किनारे ध्यान कर रहा है – अगर करना ही है तो गंगा नदी के किनारे करो…’
कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने AAP पर साधा निशाना
पंजाब के पूर्व सीएम और जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि ‘आम आदमी पार्टी और बीजेपी झूठा प्रचार कर रही है. कल बीजेपी ने डेरा बल्लान के बारे में पोस्ट किया कि डेरा बल्लान उनका समर्थन करता है, जिसका डेरा बल्लान ने खंडन किया है और कहा है कि अगर उन्होंने इस तरह से झूठा प्रचार किया तो वे एफआईआर दर्ज कराएंगे. डेरा बल्लान ने साफ कर दिया है कि वे बीजेपी का समर्थन नहीं करते हैं… मैं बाबा जी का धन्यवाद करता हूं. आम आदमी पार्टी ने झूठा प्रचार करना शुरू कर दिया है… मैं लोगों को चेतावनी देना चाहता हूं कि वे ऐसे दुष्प्रचार में न आएं. और मैं जहां भी जा रहा हूं, लोग मुझे बधाई दे रहे हैं और हम बड़ी संख्या में जीतने जा रहे हैं. मैं जालंधर के लोगों का धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझे स्वीकार किया है.’
कंगना ने डाला वोट
लोकसभा चुनाव 2024 के लिए आखिरी चरण का मतदान जारी है. हिमाचल प्रदेश से भाजपा की उम्मीदवार कंगना रनौत ने मंडी में मतदान किया. बता दें कि कांग्रेस ने मंडी लोकसभा सीट से विक्रमादित्य सिंह को मैदान में उतारा है.
जीतन राम मांझी ने डाला वोट
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और गया लोकसभा सीट से हम-एस के उम्मीदवार जीतन राम मांझी हैं. उन्होंने कहा कि ‘जनतंत्र में मतदान बहुत बड़ा पर्व होता है. सभी को अपने अधिकार का प्रयोग करना चाहिए. मतदान अवश्य करना चाहिए मैंने अपने पूरे परिवार के साथ मतदान किया है.
कुलतली में पानी में फेंका EVM
लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के वोटिंग के बीच बंगाल में बवाल जारी है. चुनाव आयोग ने प्रशासन को कुलतली में तालाब में ईवीएम फेंकने वालों के खिलाफ एफआईआर शुरू करने का निर्देश दिया है.
गोरखपुर में रवि किशन ने पत्नी के साथ डाला वोट, बड़ी मार्जिन से जीत का किया दावा
गोरखपुर लोकसभा सीट से बीजेपी के प्रत्याशी रवि किशन ने अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचकर वोट डाला. इस दौरान भोजपुरी स्टार ने दावा कि वह बड़ी मार्जिन से जीत रहे हैं.
जादवपुर में बमबाजी
लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण का मतदान जारी है. इस बीच पश्चिम बंगाल में हिंसा की खबर है. जादवपुर लोकसभा के अंतरगत भांगड़ में आज सुबह बमबाजी हुई है. टीएमसी- ISF के बीच भिड़ंत हुई है. पुलिस ने लाठीचार्ज किया है.
तरनजीत सिंह संधू ने लोगों से की खास अपील
तरनजीत सिंह संधू ने कहा, ‘दुनिया का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक पर्व हो रहा है. लोगों को आज अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए…मैं पूरे भारत के मतदाताओं से अपील करता हूं कि वे आज ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में मतदान करें, खास तौर पर अमृतसर में. अमृतसर में मतदान अमृतसर के विकास के लिए होना चाहिए…आप अमृतसर की स्थिति जानते हैं.’
You must be logged in to post a comment Login