Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पीलीभीत/संसद वाणी : देश के विभिन्न राज्यों में इस समय भारी बारिश से हाहाकार की हालत बनी हुई है।बारिश का असर परिवहन पर भी पड़ा है।उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में लगातार हो रही तेज बारिश से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने लगी है।इस बीच जिले में भारी बारिश से रेलवे ट्रैक पर बनाई गई एक पुलिया पानी में बह गई है। इस भयानक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रेलवे ट्रैक के नीचे बही पुलिया
पीलीभीत में तेज बारिश से जगह-जगह रेलवे ट्रैक पर पानी भरा हुआ है,जिससे रेल का संचालन बंद किया गया है।ऐसे में कुछ महीने पहले पीलीभीत से लखनऊ रेलवे लाइन को जोड़ने के लिए पीलीभीत जंक्शन से मैलानी जंक्शन तक बनाए गए रेलवे ट्रैक के शाहगंज स्टेशन और संडई हाल्ट बीच बहने वाले सकरिया नाले के तेज बहाव से रेलवे ट्रैक पर बनाई गई एक पुलिया पानी में बह गई।
ट्रेनों का संचालन बंद
यह पुलिया बांग्ला गांव के पश्चिम में खंभा संख्या 241/2 वा 243 के बीच में रेलवे की पुलिया बताई जा रही है,जिससे रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गया।रेलवे प्रशासन ने पीलीभीत होकर लखनऊ जाने वाली सभी ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया है। साथ ही खटीमा पुल के पास रेलवे ट्रैक पर पानी खतरे के निशान से अधिक होने के कारण पीलीभीत से टनकपुर जाने वाली सभी ट्रेनों का संचालन भी बंद किया गया है।पीलीभीत में भारी बारिश से सड़कों की भी हालत खराब होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक पीलीभीत NH 730 से बरखेड़ा जाने वाली सड़क पर पुलिया धंस गई है,जिससे रास्ता बंद हो गया।
You must be logged in to post a comment Login